कोविड-19 टीके पर पेटेंट छूट का समर्थन महत्वपूर्ण कदमः अमेरिकी प्रभारी राजदूत

Tuesday, May 11, 2021 - 10:17 PM (IST)

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) अमेरिका कोविड-19 टीकों पर पेटेंट छूट को लेकर विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) के सर्वसम्मति आधारित निर्णय की प्रतीक्षा किए बिना टीकों की उपलब्धता के लिए भारत और अन्य देशों के साथ मिलकर प्रयासों को तेज कर रहा है। एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक ने मंगलवार को यह बात कही।
अमेरिका के प्रभारी राजदूत डेनियल स्मिथ ने भारत और दक्षिण अफ्रीका के पेटेंट छूट के प्रस्ताव का समर्थन करने के बाइडन प्रशासन निर्णय को भी महत्वपूर्ण कदम करार दिया।
उन्होंने कहा, '''' मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि यह बाइडन प्रशासन द्वारा उठाया गया यह महत्वपूर्ण कदम है और उसने भारत व दक्षिण अफ्रीका की कोविड-19 टीकों पर बौद्धिक संपदा प्रतिबंधों से छूट की पहल को समर्थन दे इसे आगे बढ़ाया है। ''''
मीडिया के साथ ऑनलाइन संवाद में स्मिथ ने कहा, "हम सिर्फ चीजों के होने का इंतजार नहीं कर रहे हैं। हम कोविड-19 टीकों का उत्पादन बढ़ाने और उनकी उपलब्धता में वृदिध के लिए भारत व अन्य देशों के साथ मिलकर अपने सभी प्रयासों में तेजी ला रहे हैं। "
वह प्रस्ताव पर डब्ल्यूटीओ के निर्णय पर पहुंचने के लिए लगने वाली संभावित समय सीमा को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा, "डब्ल्यूटीओ आम सहमति पर आधारित संगठन है। इसलिए हम आगे बढ़ने के लिए डब्ल्यूटीओ में अपने सहयोगियों के साथ बातचीत कर रहे हैं।"
स्मिथ ने कहा कि अमेरिका कोविड-19 टीकों के उत्पादन के लिए भारत द्वारा मांगे गए कच्चे माल और अन्य आपूर्ति की सूची को लेकर भी काम कर रहा है।
उन्होंने कहा "भारत में टीकों के निर्माण को लेकर आवश्यक कच्चे माल और अन्य सामग्री को लेकर हमें भारत सरकार से एक सूची मिली है। हम अब इस सूची पर उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यह तय किया जा सके कि क्या उपलब्ध है, हम क्या उपलब्ध करा सकते हैं और कितनी जल्दी उपलब्ध करा सकते हैं।"
स्मिथ ने कहा कि अमेरिका टीका उत्पादन के प्रयासों में भारत की मदद को लेकर प्रतिबद्ध है।
स्मिथ ने कहा, "हम मानते हैं कि भारत की मदद कर हम न सिर्फ भारत बल्कि तमाम दूसरे लोगों की भी मदद कर रहे हैं।"


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising