अमरिंदर, खट्टर और सुखबीर ने अजीत सिंह के निधन पर शोक जताया

punjabkesari.in Thursday, May 06, 2021 - 05:49 PM (IST)

चंडीगढ़, छह मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर और एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के नेता चौधरी अजीत सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया।
अजीत सिंह (82) का बृहस्पतिवार को गुड़गांव के एक अस्पताल में निधन हो गया जहां उनका कोविड-19 संक्रमण का उपचार चल रहा था। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।

शोक संदेश में अमरिंदर सिंह ने अजीत सिंह को ‘किसानों का मसीहा’ बताया जिन्होंने कृषकों की भलाई के लिए सदैव सक्रिय भूमिका निभायी।

उन्होंने कहा, ‘‘ कृषक कल्याण के प्रति उनका प्रचुर योगदान सदैव सभी के द्वारा याद रखा जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि उनके निधन से राष्ट्रीय राजधानी में एक रिक्तता पैदा हो गयी है जिसे भरना मुश्किल है।
खट्टर ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह का निधन देश और किसान समुदाय के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि देश के एक ऐसे बड़े नेता को खो दिया है जिन्होंने हमेशा किसानों, श्रमिको एवं गरीबों के अधिकार के वास्ते लड़ाई लड़ी।
बादल ने ट्वीट किया, ‘‘ रालोद प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी के निधन की खबर सुनकर बड़ा दुख हुआ। किसानों के अधिकारों के चैंपियन चौधरी साहब ने देश के ’अन्नदाता’ के कल्याण के लिए कई लड़ाई लड़ीं। जयंत, परिवार एव उनके समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।’’
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जे जे पी नेता दुष्यंत चौटाला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा और इंडियन नेशनल लोकदल के नेता अभय चौटाला ने भी अजीत सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘ कृषक समुदाय ने एक वक्त में अपना बहुत बड़ा चैंपियन खो दिया है जब उनके नेतृत्व की बड़ी जरुरत है। ’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री और शिअद नेता हरसिमरत कौर बादल ने कहा , ‘‘ चौधरी साहब को किसानों के वास्ते उनके समर्पण एवं प्रतिबद्धता के लिए सदैव यादव किया जाएगा।’’
प्रमुख किसान नेता और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे अजीत सिंह 20 अप्रैल को जांच में कोविड-19 से संक्रमित पाये गये थे। यह जानकारी उनके परिवार ने दी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News