आरएसएस के संगठन में शीर्ष स्तर पर बदलाव: होसबाले नये सरकार्यवाह निर्वाचित, राम माधव की वापसी

punjabkesari.in Saturday, Mar 20, 2021 - 10:57 PM (IST)

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने संगठन में शीर्ष स्तर पर शनिवार को बदलाव किए। दत्तात्रेय होसबाले नये सरकार्यवाह निर्वाचित हुए हैं, दो सह-सरकार्यवाह नियुक्त किये गये हैं और भाजपा नेता राम माधव की संघ में वापसी हुई है।
संघ ने 75 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले लोगों के सार्वजनिक पद छोड़ देने के अपने विचार पर अडिग रहते हुए ये बदलाव किये हैं।
आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की दो दिवसीय वार्षिक बैठक में 65 वर्षीय होसबाले सरकार्यवाह (महासचिव) निर्वाचित हुए।
संघ के सरकार्यवाह के तौर पर होसबाले इसके कार्यकारी प्रमुख एवं संगठन में नंबर-दो पद पर होंगे।

राम माधव को आरएसएस राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। उनकी संघ में वापसी हुई है। उन्हें 2014 में भाजपा में भेजा गया था और पार्टी महासचिव बनाया गया था।
सूत्रों ने बताया कि उन्हें बाद में अतिरिक्त जिम्मेदारी दिये जाने की संभावना है।
संघ ने अपने प्रचार प्रभारी अरूण कुमार को राम दत्त चक्रधर के साथ सह-सरकार्यवाह के रूप में पदोन्नत किया है। चक्रधर संघ की बिहार इकाई के प्रमुख हैं। इन दोनों ने क्रमश: सुरेश सोनी और वी भगैया की जगह ली है।
गौरतलब है कि साल 2024 में संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उसी साल लोकसभा चुनाव भी होने हैं। इसे ध्यान में रखते हुए ये बदलाव मायने रखते हैं।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News