अटल सुरंग जैसी संरचना के निर्माण के लिए गौरव की भावना सबसे अधिक महत्‍वपूर्ण : राजनाथ सिंह

Monday, Jan 11, 2021 - 08:00 PM (IST)

नयी दिल्ली, 11 जनवरी (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि अटल सुरंग जैसी संरचना के निर्माण के लिए राष्ट्रीय गौरव की भावना सबसे अधिक महत्‍वपूर्ण है।

रणनीतिक लिहाज से महत्वपूर्ण 9.02 किलोमीटर की सुरंग मनाली को स्पीति घाटी से जोड़ती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल तीन अक्टूबर को इसका उद्घाटन किया था।

रक्षा मंत्रालय के बयान के मुताबिक अटल सुरंग पर एक वेबिनार में रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘अटल सुरंग जैसी महान संरचना के निर्माण के लिए, न केवल ईंट और मोर्टार बल्कि राष्ट्रीय गौरव की भावना भी सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रौद्योगिकी संस्थानों के छात्रों के ज्ञानवर्द्धन के लिए वेबिनार का आयोजन किया।

अपने संबोधन में सिंह ने कोविड-19 पाबंदियों के बीच कई सारी तकनीकी चुनौतियों के बावजूद इंजीनियरिंग के इस चमत्कार के निर्माण के लिए बीआरओ के इंजीनियरों की प्रशंसा की।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency

Advertising