युवा महिला विश्व मुक्केबाजी का लोगो हुआ लांच

Monday, Nov 06, 2017 - 01:20 PM (IST)

गुवाहाटी: दुनिया भर में मशहूर असम के एक सींग वाले गैंडे को सोमवार को यहां एक रंगारंग कार्यक्रम में 2017 एआईबीए युवा महिला विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप का आधिकारिक शुभंकर चुना गया। इसी के साथ 19 से 26 नवम्बर तक असम की राजधानी में होने वाले इस आयोजन का काउंटडाउन शुरू हो गया। असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने चैम्पियनशिप का आधिकारिक लोगो और गान (एंथम) लांच किया।

सोनोवाल ने खासतौर पर इस आयोजन को लेकर खुशी जताई क्योंकि वह मानते हैं कि यहां आने वाले मुक्केबाजों और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता को देखने और अनुभव करने का मौका मिलेगा। इस आयोजन के लिए चुने गए आधिकारिक शुभंकर को‘गुप्पी’नाम दिया गया है। यह असम में पाए जाने वाले एक सींग वाले गेंडे का मादा वर्जन है।

यह शक्ति और धैर्य का प्रतीक है और भारतीय महिलाओं को इसी रूप में जाना जाता है। साथ ही ये गुण मुक्केबाजी से भी काफी हद तक जुड़ा हुआ है। यह लोगो दो विशेषताओं पर प्रकाश डालता है। पहला-महिला मुक्केबाज के तौर पर भारतीय नारी की शक्ति और दूसरा-हाथों से बनाए जाने वाले कपड़े के टुकड़े‘गामोसा’के रूप में यहां की संस्कृति। गामोसा में भारतीय तिरंगे के तीन रंगों-सफेद, हरे और केसरिया का शानदार मिश्रण होता है।

Punjab Kesari

Advertising