पहलवान योगेश्वर दत्त ने की सगाई, दुल्हन के परिवार से मांगा इतना दहेज

Sunday, Jan 15, 2017 - 02:51 PM (IST)

नई दिल्ली: लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर शीतल के साथ सागई कर चुके हैं और 16 जनवरी को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। योगेश्वर दत्त के घर उनकी शादी की तैयारियां जोरों से शुरू हो चुकी हैं। लेकिन उनकी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है और उसकी वजह है योगेश्ववर द्वारा की गई दहेज की मांग। दरअसल, योगेश्वर ने फैसला किया है कि वह दहेज के रूप में दुल्हन के परिवार से केवल एक रुपया लेंगे। खबरों के मुताबिक योगेश्वर की मां सुशीला देवी ने भी कहा कि योगेश्वर की शादी उनके लिए खास मौका है। उन्होंने यह भी कहा कि वह दुल्हन के परिवार से एक रुपए के अलावा कुछ और नहीं लेंगी।


जानिए योगेश्वर की पत्नी के बारे में

योगेश्वर की होने वाली पत्नी का नाम शीतल है। शीतल अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने के बाद सोनीपत से बीए कर रही हैं। शीतल कांग्रेसी नेता जयभगवान शर्मा की इकलौती बेटी हैं। जयभगवान शर्मा ने 2009 में सफीदों से हरियाणा जनहित कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। बाद में कुलदीप बिश्नोई के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए है।


योगेश्वर की शादी होगी खास

यह शादी हर तरह से खास होगी, क्योंकि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री विजय गोयल, मुरली मनोहर जोशी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, खेल मंत्री अनिल विज, प्रदेश के सभी मंत्रियों और विधायकों को न्यौता दिया है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह और आमिर खान को कुश्ती सिखाने वाले भारतीय महिला कुश्ती टीम के कोच कृपाशंकर बिश्नोई को भी न्यौता दिया गया है। इनके अलावा भारत के स्टार खिलाड़ी सुशील कुमार, वीरेंद्र सहवाग, सायना नेहवाल, गीतिका जाखड समेत अन्य खेल सितारे भी योगेश्वर की शादी में बाराती बनेंगे।   

Advertising