फेडरर और नडाल में घटा फासला, शारापोवा की लंबी छलांग

Monday, Oct 16, 2017 - 04:09 PM (IST)

नई दिल्लीः शंघाई में अपना दूसरा शंघाई मास्टर्स खिताब जीतने वाले स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल से अपना फासला कम कर लिया है जबकि तियानजिन में ढाई साल बाद अपना पहला खिताब जीतने वाली रूस की मारिया शारापोवा ने विश्व रैंकिंग में 29 स्थान की लंबी छलांग लगाई है। फेडरर का यह तीसरा शंघाई मास्टर्स और नडाल का दूसरा शंघाई मास्टर्स फाइनल था।

फेडरर ने जहां दूसरी बार यह खिताब जीता वहीं नडाल पहली बार यह खिताब जीतने से दूर रह गये। इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले नडाल के 9875 एटीपी अंक थे जबकि फेडरर के 7505 एटीपी अंक थे।  नडाल को फाइनल में पहुंचने से 590 अंक मिले। फेडरर के हिस्से में खिताब जीतने से 1000 अंक आए। शंघाई मास्टर से पहले दोनों के बीच 2370 अंक का फासला था जो अब घटकर 1960 आ गया है। फेडरर ही अभी एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जो नडाल को इस सत्र का समापन नंबर एक के रूप में करने से रोक सकते हैं।

चोट के कारण कोर्ट से बाहर चल रहे ब्रिटेन के एंडी मरे का तीसरा स्थान बना हुआ है जबकि शंघाई में सेमीफाइनल तक पहुंचे क्रोएशिया के मारिन सिलिच एक स्थान के सुधार के साथ चौथे नंंबर पर पहुंच गये हैं। इस बीच तियानजिन में खिताब जीतने वाली शारापोवा ने विश्व रैंकिंग में 29 स्थान की छलांग लगायी है और वह 57वें नंबर पर पहुंच गयी हैं। महिला रैंकिंग में रोमानिया की सिमोना हालेप और स्पेन की गरबाइन मुगुरूजा के शीर्ष दो स्थान बरकरार है। 

Advertising