नारी को सशक्त करने के लिए सेरेना ने लिखी कविता

Thursday, Sep 15, 2016 - 07:43 AM (IST)

न्यूयॉर्क: 22 बार की ग्रैंड स्लेम विजेता और विश्व की पूर्व नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने न्यूयार्क फैशन शो के दौरान नारी शक्ति को दर्शाने वाली एक कविता पढ़ी, जो उन्होंने रियो ओलंपिक के दौरान खुद लिखी थी। सेरेन ने न्यूयार्क फैशन वीक में एचएसएन के लिए अपने सेरेना विलियम्स सिग्रेचर स्टेटमेंट कलेक्शन के दौरान लाउडस्पीकर पर यह कविता पढ़ी। 

उन्होंने फैशन शो के बाद एक साक्षात्कार में इसका खुलासा करते हुए कहा, मैंने यह कविता विंबलडन को बाद और रियो ओलंपिक के दौरान लिखी। इस कविता को लिखने का उद्देशय सिर्फ नारी को सशक्त करना है। सेरेना की कविता इस प्रकार है-

‘‘वह अपनी निराशा को जीत में बदलती है। अपने दुख को खुशी में, खुद को खारिज किए जाने को स्वीकृति में अगर कोई उस पर विश्वास नहीं करता तो कोई फर्क नहीं पड़ता, वह खुद पर विश्वास करती है। कोई उसे रोक नहीं सकता, कोई उसे हाथ नहीं लगा सकता वह महिला है।

34 वर्षीय सेरेना को हाल ही में यूएस ओपन के सेमीफाइनल मुकाबले में चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के कारण उनका 23वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया था। इसके अलावा उन्हें नंबर एक का ताज भी गंवाना पड़ा था।

Advertising