विकास, शिव सहित 4 भारतीयों ने विश्व चैंपियनशिप के लिए किया क्वालीफाई

Thursday, May 04, 2017 - 08:49 AM (IST)

ताशकंद: शीर्ष वरीयता प्राप्त विकास कृष्ण (75 किग्रा) और चौथे वरीय शिव थापा (60 किग्रा) उन 4 भारतीय मुक्केबाजों में शामिल हैं जिन्होंने आज यहां एशियाई चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचकर अपने पदक पक्के करने के साथ ही विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।  

सुमित सांगवान (91 किग्रा) और अमित फंगल (49 किग्रा) दो अन्य मुक्केबाज हैं जिन्होंने पदक और विश्व चैंपियनशिप में अपना स्थान पक्का किया।  हालांकि छठे वरीय और राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदकधारी मनोज कुमार (69 किग्रा), गौरव विधूड़ी (52 किग्रा) और कविंदर सिंह बिष्ट (49 किग्रा) अपनी क्वार्टरफाइनल बाउट में हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गए। लेकिन यह तिकड़ी सितंबर-अक्तूबर में जर्मनी में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप में जगह बनाने की दौड़ में बनी हुई है।  थापा ने इस प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार अपना पदक पक्का किया जबकि विकास का यह लगातार दूसरा पदक होगा। थापा ने 2013 में स्वर्ण और 2015 में कांस्य पदक जीता था।  विकास दूसरी तरफ 2015 के टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय थे।  

सुमित ने भारत की तरफ से आज पहली जीत दर्ज की। उन्होंने चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त फेंगकाई यु को 4-1 से हराया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शुरू से हमलावर तेवर अपनाए जबकि चीनी मुक्केबाज अक्सर अपना नियंत्रण खोता रहा। शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल में सुमित का सामना अब ताजिकिस्तान के तीसरी वरीयता प्राप्त जैखोन कुरबोनोव से होगा। कुरबोनोव ने एक अन्य मुकाबले में पाकिस्तान के महमूद सनाउल्लाह को आसानी से हराया।  

Advertising