विजय हजारे क्वार्टर फाइनल में इस टीम के साथ होगा धोनी की टीम का सामना

Tuesday, Mar 14, 2017 - 02:56 PM (IST)

नई दिल्ली: झारखंड और विदर्भ की टीमें विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में कल जब यहां पालम मैदान पर आमने सामने होंगी तो सभी की नजरें एक बार फिर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी होंगी।  

रणजी ट्राफी में झारखंड के अनौपचारिक मेंटर रहे धोनी विजय हजारे टीम के सक्रिय सदस्य हैं और अब तक सभी 6 मैचों में उन्होंने टीम की अगुआई की है।  धोनी की मौजूदगी के कारण जहां भी झारखंड की टीम खेली है वहां अच्छी संख्या में दर्शक पहुंचे हैं और कल भी ऐसा ही होने की उम्मीद है।  

जून में होने वाली चैम्यिन्स ट्राफी से पहले यह 50 ओवर के प्रारूप में धोनी के लिए अंतिम प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट है।  जम्मू एवं कश्मीर के खिलाफ कल्याणी में पिछले मैच में विजयी रन बनाने वाले धोनी ने टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन किया है और पिछले महीने ईडन गार्डन्स में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 129 रन की पारी भी खेली थी।  विदर्भ के खिलाफ हालांकि झारखंड की राह आसान नहीं होगी।  झारखंड की टीम ग्रुप डी में चार जीत और दो हार के साथ शीर्ष पर रही जबकि विदर्भ ने ग्रुप ए में पांच जीत और एक हार के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। 

Advertising