गोयल ने ठाकुर की बर्खास्तगी पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया

Monday, Jan 02, 2017 - 07:41 PM (IST)

हैदराबाद: खेल मंत्री विजय गोयल ने उच्चतम न्यायालय द्वारा बीसीसीआई अध्यक्ष पद से अनुराग ठाकुर को बर्खास्त करने पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि सरकार इस मामले में पक्ष नहीं थी और उनका मंत्रालय शीर्ष अदालत और क्रिकेट संस्था के बीच में नहीं आएगा। गोयल ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, ‘‘खेल मंत्रालय उच्चतम न्यायालय, बीसीसीआई और अनुराग ठाकुर के बीच में नहीं है। खेल मंत्रालय का प्रत्यक्ष तौर पर लोढा समिति या बीसीसीआई और उनके फैसलों से कोई लेना देना नहीं है। हम इसमें पक्ष नहीं हैं। उच्चतम न्यायालय का फैसला उच्चतम न्यायालय का फैसला है।’’  

गोयल उस सवाल का जवाब दे रहे थे जिसमें ठाकुर को बीसीसीआई अध्यक्ष और अजय शिर्के को सचिव पद से बर्खास्त किए जाने पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि हाल में भारतीय आेलंपिक संघ को लेकर हुए विवाद को देखते हुए खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल विकास संहिता में सुधार के लिए खेल सचिव की अध्यक्षता में समिति के गठन का फैसला किया है। गोयल ने कहा कि खेल मंत्रालय ने पिछले कुछ महीनों में राष्ट्रीय खेल महासंघों, राज्यों के खेल मंत्रियों, आेलंपियन, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं के साथ बैठक की है और सुधारों पर चर्चा की है। 

Advertising