रूस की अंडर-18 टीम ने भारत की अंडर-17 विश्व कप टीम को रौंदा

punjabkesari.in Monday, Jan 09, 2017 - 04:22 PM (IST)

नई दिल्ली: रूस की अंडर-18 टीम ने सेंट पीटरसबर्ग में वेलेंटिन ग्रेनाटकिन मेमोरियल कप के ग्रुप बी मैच में भारत की अंडर-17 विश्व कप टीम को 8-0 से रौंद दिया। रूस ने हालांकि अगर पहले हाफ से ठीक पहले पेनल्टी पर गोल करने का मौका नहीं गंवाया होता तो भारत के लिए नतीजा और खराब होता। मेजबान टीम मध्यांतर तक 5-0 से आगे थी। रूस ने मैच का पहला गोल दूसरे मिनट में दागा जब ग्लुशकोव ने मैच के पहले कार्नर को गोल में बदला।   

दूसरा गोल भी रूस ने 12वें मिनट में कार्नर पर ही किया जब गोलकीपर धीरज गेंद को अपने कब्जे में लेने से चूक गए और डेनिसोव ने इसका फयदा उठाकर गोल किया। ग्लुशेनकोव ने इसके बाद 21वें मिनट में रूस की बढ़त को 3-0 कर दिया। रूदेनको ने 25वें मिनट में चौथा गोल दागा जबकि ग्लुशकोव ने 31वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागते हुए स्कोर 5-0 कर दिया। रूस ने मध्यांतर के तुरंत बाद सिपचेंको की बदौलत अपना छठा गोल दागा। सिपचेंको ने 67वें मिनट में कार्नर पर अपना दूसरा गोल किया।   

दूसरे हाफ के भारत को गोल करने के मौके मिले लेकिन पहली बार संजीव का शाट गोल के करीब से बाहर निकल गया जबकि दूसरी बार में कोमल शाट को सीधे गोलकीपर के हाथों में खेल गए। लातचेविक ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में पेनल्टी किक पर गोल दागकर स्कोर 8-0 किया। भारत अगले मैच में कल बेलारूस की अंडर-18 टीम से भिड़ेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News