ब्लाइंड टीम के हर खिलाड़ी को 5-5 लाख देगी सरकार

Wednesday, Feb 22, 2017 - 04:38 PM (IST)

नई दिल्ली: दूसरा ट्वंटी-20 दृष्टिबाधित विश्वकप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पुरस्कार को लेकर उठे विवाद पर खेल मंत्री विजय गोयल ने बुधवार को विराम लगाते हुए कहा कि टीम के हर खिलाड़ी को 5-5 लाख रूपए का ईनाम दिया जाएगा।  गोयल ने अपने निवास पर यह घोषणा की कि सरकार ने इस टीम के हर खिलाड़ी को 5-5 लाख रूपए देने का फैसला किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को बढ़ावा देना है। इसीलिए सरकार ने फैसला किया है कि दृष्टिबाधित टीम के खिलाड़ियों को पिछली बार की तरह ही इस बार 5-5 लाख रूपए दिए जाएंगे।

खेल मंत्री के निवास पर इस टीम के खिलाड़ियों के लिए सोमवार को आयोजित सम्मान समारोह में पिछली पुरस्कार राशि का प्रमाण मांगने से विवाद पैदा हो गया था। खेल मंत्री गोयल ने दृष्टिबाधित विश्वकप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को सम्मानित करने के लिये अपने निवास पर आमंत्रित किया था।   

गोयल ने समारोह में टीम को 10 लाख रूपए देने की घोषणा की। लेकिन खिलाड़ी इस पर नाराज हो गए थे और उन्होंने कहा था कि पिछली बार विश्वकप जीतने पर खेल मंत्रालय की तरफ से प्रत्येक खिलाड़ी को 5 लाख रूपए और सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय की तरफ से 2 लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया था। गोयल ने उस विवाद का आज अपनी घोषणा से पटाक्षेप कर दिया। 

Advertising