सुशील कुमार ने राष्ट्रीय खेल पर्यवेक्षक पद से इस्तीफा दिया

Wednesday, Dec 06, 2017 - 07:16 PM (IST)

नई दिल्लीः स्टार मुक्केबाज एमसी मेरीकोम के नक्शेकदम पर चलते हुए दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने भी कुश्ती के लिये राष्ट्रीय खेल पर्यवेक्षक की अपनी भूमिका छोड़ दी है। यह 34 वर्षीय पहलवान उन 12 राष्ट्रीय पर्यवेक्षकों में था जिन्हें खेल मंत्री विजय गोयल ने मार्च में नियुक्त किया था।   

खेल मंत्रालय ने आज विज्ञप्ति में कहा, ‘‘पहलवान सुशील कुमार और मुक्केबाज एमसी मेरीकोम ने राष्ट्रीय खेल पर्यवेक्षक के अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। ये दोनों शीर्ष खिलाड़ी अभी अपने अपने खेलों कुश्ती (पुरूष) और मुक्केबाजी (महिला) में सक्रिय है, इसलिए उनका मानना है कि इसे हितों के टकराव के रूप में देखा जा सकता है। ’’  

इसमें कहा गया है, ‘‘खेल परंपरा को ध्यान में रखते हुए इन दोनों खिलाडिय़ों ने अपना त्यागपत्र दे दिया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पर्यवेक्षक के रूप में उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। ’’ खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने इन दोनों का आभार व्यक्त किया।  

Advertising