पंजाब पुलिस (जालंधर) 17 साल बाद चैम्पियन

Wednesday, Nov 01, 2017 - 09:17 AM (IST)

जालंधर: 34वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामैंट के पुरुष वर्ग का खिताब 7वीं बार पंजाब पुलिस (जालंधर) की टीम ने ओ.एन.जी.सी. (दिल्ली) को 2-1 से पराजित कर जीता है।

स्थानीय ओलिम्पियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में समाप्त हुए उक्त 9 दिवसीय टूर्नामैंट का फाइनल पंजाब पुलिस जालंधर व ओ.एन.जी.सी. की टीमों के मध्य खेला गया। युवा खिलाडिय़ों पर आधारित ओ.एन.जी.सी. की टीम पंजाब पुलिस (जालंधर) में शामिल ओलिम्पियनों व अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों के अनुभव के समक्ष कमजोर साबित हुई। 

पंजाब पुलिस की टीम के लिए घरेलू दर्शकों का समर्थन भी काफी सहायक साबित हुआ। विजेता टीम मध्यांतर तक 1-0 से आगे थी। पंजाब पुलिस का गोल खाता खेल के 16वें मिनट में रमनदीप सिंह ने बाएं छोर से शानदार मैदानी गोल दाग कर खोला। पंजाब पुलिस की ओर से दूसरा गोल खेल के 48वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने किया। खेल के 65वें मिनट में ओ.एन.जी.सी. के दिवाकर राम ने टीम को मिले पैनेल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच में वापसी का प्रयास किया पर पंजाब पुलिस की मजबूत डिफैंस के समक्ष ओ.एन.जी.सी. का यह प्रयास कोई विशेष असर न दिखा पाया।

निर्धारित समय पर पंजाब पुलिस की टीम 2-1 से विजयी घोषित हुई। इससे पूर्व पंजाब पुलिस ने यह टूर्नामैंट 1985, 1986, 1993, 1995, 1997 व साल 2000 में जीता था। विजेताओं को मुख्यातिथि राणा गुरजीत सिंह ने सम्मानित किया। इस अवसर पर पंजाब पुलिस के रमनदीप सिंह को टूर्नामैंट का सर्वोत्तम खिलाड़ी घोषित किया गया।

Advertising