श्रीलंका 110 रनों पर ढेर, अफ्रीका ने हासिल की मजबूत बढ़त

punjabkesari.in Tuesday, Jan 03, 2017 - 09:30 PM (IST)

केपटाउन: दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों वेर्नोन फिलेंडर और कैगिसो रबादा ने घातक गेंदबाजी करते हुये चार-चार विकेट लेकर श्रीलंका को दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पारी में 110 रन पर ढेर कर दिया।  दक्षिण अफ्रीका को इस तरह 282 रन की भारी भरकम बढ़त हासिल हुयी लेकिन उसने श्रीलंका से फालोआन नहीं कराया और दूसरी पारी में खेलने का निर्णय लिया। श्रीलंका का एक समय स्कोर एक विकेट पर 56 रन था लेकिन इसके बाद उसने मात्र 54 रन जोड़कर अपने शेष नौ विकेट गंवा दिये। श्रीलंका के आखिरी चार विकेट तो 10 रन जोड़कर गिर गये।   

उपुल तरंगा ने सर्वाधिक 26 रन और ओपनर दिमुथ करुणारत्ने ने 24 रन बनाये। फिलेंडर ने 27 रन पर चार विकेट ,रबादा ने 37 रन पर चार विकेट और लेफ्ट आर्म स्पिनर केशव महाराज ने 32 रन पर दो विकेट लिये।   इससे पहले श्रीलंका के मध्यम तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा(122 रन पर छह विकेट) ने अपनी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुये दक्षिण अफ्रीका को 392 रन पर रोका। दक्षिण अफ्रीका ने छह विकेट पर 297 रन से आगे खेलना शुरू किया था।  

क्विंटन डी काक 68 और काइल एबोट 16 रन पर नाबाद थे। एबोट अपने कल के ही स्कोर पर लेट आर्म स्पिनर रंगना हेरात का शिकार बन गये। डी काक ने अपनी पारी आगे बढ़ाते हुये 124 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 101 रन बनाये। डी काक का यह तीसरा टेस्ट शतक था और इसके साथ ही उन्होंने अपने 1000 टेस्ट रन भी पूरे कर लिये। वेर्नोन फिलेंडर ने 20 और 10वें नंबर के बल्लेबाज केशव महाराज ने नाबाद 32 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 116 ओवर में 392 रन पर सिमटी। कुमारा ने 25 ओवर में 122 रन देकर छह विकेट हासिल किये। सुरंगा लकमल ने 93 रन पर दो विकेट और रंगना हेरात ने 57 रन पर दो विकेट लिये।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News