सेरेना का साम्राज्य ध्वस्त, केर्बर बनीं नई मल्लिका

Sunday, Jan 31, 2016 - 09:24 AM (IST)

मेलबोर्न: जर्मनी की एंजेलिक  केर्बर ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए विश्व की नंबर एक खिलाड़ी और गत चैंपियन सेरेना विलियम्स का साम्राज्य शनिवार को ध्वस्त कर आस्ट्रेलियन ओपन की नयी मल्लिका होने का गौरव हासिल कर लिया। 

 
सातवीं वरीयता प्राप्त केर्बर ने शीर्ष वरीय सेरेना को 2 घंटे 8 मिनट तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-4, 3-6, 6-4 से हराकर वर्ष के पहले ग्रैंड स्लेम का खिताब अपने नाम कर लिया। केर्बर ने इस जीत से सेरेना का जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के 22 ग्रैंड स्लेम खिताब की बराबरी करने का सपना भी तोड़ दिया। सेरेना को गत वर्ष 2015 के आखिरी ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन में भी निराशा का सामना करना पड़ा था और उन्हें नए साल में भी निराशा झेलनी पड़ी। 
 
केर्बर का इससे पहले सेरेना के खिलाफ 1-5 का कॅरियर रिकॉर्ड था लेेकिन जर्मन खिलाड़ी ने यहां कई हिसाब एक साथ चुकता करते हुये नया इतिहास रच दिया। केर्बर इसके साथ ही ओपन युग में ग्राफ के बाद ग्रैंड स्लेम जीतने वाली दूसरी जर्मन महिला खिलाड़ी बन गई। 
Advertising