डेविस कप: सर्बिया ने क्वार्टरफाइनल में किया प्रवेश

Sunday, Feb 05, 2017 - 02:57 PM (IST)

पेरिस: सर्बिया ने डेविस कप क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया, जिससे ग्रैंडस्लैम चैम्पियन नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। आस्ट्रेलिया, फ्रांस, अमेरिका और फ्रांस भी अंतिम आठ में पहुंच चुके हैं। वर्ष 2010 के चैम्पियन सर्बिया ने कल निस में विश्व ग्रुप के शुरूआती मुकाबले में रूस पर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। नेनाद जिमोनजिक और विक्टर ट्रोइकी की जोड़ी ने आंद्रे कुज्नेत्सोव और कोंस्टैंटिन क्रावचुक को 6-3, 7-6, 6-7, 6-4 से मात दी।   

शुक्रवार को ट्रोइकी ने केरन खाचानोव को शुरूआती एकल में 6-4, 6-7, 6-3, 1-6, 7-6 से जबकि जोकोविच ने डानिल मेदवेदेव के चौथे सेट में रिटायर होने के बाद इसे 2-0 किया था। 12 बार का चैम्पियन जोकोविच तब 3-6, 6-4, 6-1, 1-0 से बढ़त बनाये था। जोकोविच अप्रैल में अंतिम आठ में नडाल से भिड़ सकते हैं, लेकिन इसके लिये पांच बार के चैम्पियन स्पेन को आेसजेक में क्रोएशिया को पराजित करना होगा। क्रोएशिया ने स्पेन पर 2-1 की बढ़त बनायी हुई है। आस्ट्रेलिया और फ्रांस भी अंतिम आठ में पहुंच चुके हैं। 28 बार के चैम्पियन आस्ट्रेलिया ने मेलबर्न चेक गणराज्य को 3-0 से हरा दिया है। अब वह क्वार्टरफाइनल में सात से नौ अप्रैल को अमेरिका की मेजबानी करेगा। 

अमेरिका ने बर्मिंघम में स्विट्जरलैंड पर 3-0 से अजेय बढ़त बना ली। नौ बार के चैम्पियन फ्रांस ने भी जापान को 3-0 से हरा दिया है। अब फ्रांस अंतिम आठ में कनाडा या ब्रिटेन से भिड़ सकता है। ब्रिटेन ने ब्रिटेन पर 2-1 की बढ़त बनाई हुई है। बेल्जियम भी जर्मनी पर 2-1 से बढ़त बनाये है, विजेता टीम अंतिम आठ में अर्जेंंटीना या इटली से भिड़ सकता है। अर्जेंटीना ने भी इटली पर 2-1 से बढ़त बनायी हुई है।  

Advertising