संगाकारा ने भरी हुंकार, बोले- हर हालत में चाहिए भारत के खिलाफ जीत

Tuesday, Jun 06, 2017 - 03:00 PM (IST)

लंदन: श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा ने हुंकार भरते कहा कि दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद अब आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में करो या मरो मुकाबले में भारत पर हर हालत में जीत दर्ज करनी होगी। उन्होंने कहा कि टीम को भारत का सामना आक्रामकता से करना होगा। संगकारा ने आईसीसी के लिये अपने कालम में लिखा,‘‘ मैं चाहता हूं कि श्रीलंका की युवा टीम पूरी आक्रामकता के साथ खेले। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाते हुए सकारात्मक क्रिकेट खेलें।’’  

उन्होंने कहा ,‘‘ यदि वे एेसा कर सके तो उलटफेर कर पाएंगे लेकिन भारतीय टीम के सामने यह उतना आसान नहीं है जो पाकिस्तान को हराने के बाद आत्मविश्वास से आेतप्रोत है।’’ श्रीलंकाई कप्तान उपुल थरंगा धीमी आेवरगति के कारण दो मैचों से बाहर है जबकि एंजेलो मैथ्यूज का फिटनेस कारणों से खेलना संदिग्ध है।   

संगकारा ने कहा कि श्रीलंका के लिये यह आदर्श स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा ,‘‘ यदि मैथ्यूज यह अहम मुकाबला नहीं खेल पाते हैं तो टीम की उम्मीदों को करारा झटका लगेगा। उसके फिट होने पर भी धीमी आेवरगति चिंता का विषय है। थरंगा का बाहर रहना दुखद है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि भारत के खिलाफ पहले 10 आेवर में विकेट लेना अहम होगा। उन्होंने कहा ,‘‘ भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया है। उनके आक्रमण में विविधता है। श्रीलंका को गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।’’ 

Advertising