रिंग नहीं रैम्प पर जलवा बिखेरने उतरे साक्षी-योगेश्वर

Friday, Nov 04, 2016 - 09:28 AM (IST)

नई दिल्ली: रियो ओलिंपिक में ब्रोन्ज मेडल विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक और योगेश्वर दत्त ने गुरुवार को रैंप पर अपना जलवा बिखेरा, जिसमें दोनों काफी अच्छे लग रहे थे। साक्षी रियो में इतिहास बनाने के बाद कई सम्मान समारोह की साक्षी बनीं लेकिन उनके लिए रोहित बल जैसे अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर की ड्रैस में रैंप पर वॉक करना एक अलग ही अनुभव था। 

इस दौरान साक्षी ने काले रंग के पारंपरिक डिजाइन के गाउन में रैंप पर उतरीं जिसपर गोल्डन रंग की बेहद खूबसूरत कढ़ाई थी। साक्षी इस खूबसूरत ड्रैस में काफी स्टाइलिश लग रही थीं।

साक्षी के अलावा लंदन ओलिंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने भी रैंप पर अपना जादू दिखाया। योगेश्वर अन्य पहलवानों के विपरीत सूट में रैंप पर उतरे। रैंप पर जो अन्य पुरुष पहलवान उतरे उन्होंने धोती कुर्ता और पगड़ी पहन रखी थी। महिला पहलवानों ने पारंपरिक भारतीय ड्रैस पहनी थी जिन्हें रोहित बल, जेजे वलाया, आशीष सोनी और रोहित गांधी जैसे प्रख्यात डिजाइनरों ने डिजाइन किया था। पहलवानों के साथ मॉडल भी रैंप पर उतरे।
 

Advertising