शारीरिक रूप से सर्वश्रेष्ठ नहीं दे पा रही साइना, जनवरी तक कर लेनी चाहिए वापसी : विमल कुमार

Thursday, Dec 01, 2016 - 09:17 PM (IST)

मुंबई: भारत की स्टार शटलर साइना नेहवाल के कोच विमल कुमार को लगता है कि वह अभी तक शारीरिक रूप से अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे पा रही है और उसे उच्च स्तर तक पहुंचने के लिये और समय की जरूरत है। रियो आेलंपिक के दौरान लगी घुटने की गंभीर चोट की सर्जरी कराने के बाद साइना ने इससे उबरने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी की है।   

पूर्व राष्ट्रीय पुरूष चैम्पियन ने कहा, ‘‘वह निश्चित रूप से अपने सर्वश्रेष्ठ में वापसी नहीं कर सकी है और दोबारा बड़े टूर्नामेंट जीतने के लिए उसे थोड़ा और समय चाहिए। उसे शारीरिक और मजबूती के पहलुओं में सुधार की जरूरत है।’’ साइना ने वापसी के बाद पहले दौर से आगे जगह नहीं बनाई है, लेकिन आज उसने मकाउ आेपन ग्रां प्री गोल्ड टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया, जिसमें वह शीर्ष वरीय है।   

विमल ने कहा, ‘‘इस मकाउ आेपन के बाद जनवरी के अंत तक कुछ नहीं है। निश्चित रूप से प्रीमियर बैडमिंटन लीग जनवरी के पहले हिस्से में है जिसमें वह खेलेगी और इसमें वह बड़े नामों में से एक है। लेकिन अंतिम दो हफ्तों में सही मायने में कोई उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा नहीं है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘चार से छह हफ्तों में उसे शीर्ष स्तर में वापसी करनी लेनी चाहिए। एक बार वह उच्च स्तर की ट्रेनिंग करना शुरू कर देगी तो एेसा हो जायेगा। उसके पास काफी समय है। ’’  

Advertising