सुशांत ने धोनी और विराट की तुलना करने वाले लोगों दिया करारा जबाव

Tuesday, Sep 27, 2016 - 01:00 PM (IST)

नई दिल्ली: ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ फिल्म में विश्वकप विजेता कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का किरदार निभा रहे सुशांत सिंह राजपूत का कहना है कि धोनी और मौजूदा टैस्ट कप्तान विराट कोहली की कप्तानी की तुलना लोग मनोरंजन के लिए करते हैं। सुशांत ने खास बातचीत में कहा कि धोनी और विराट अलग तरह के खिलाड़ी और कप्तान हैं। उन दोनों की कप्तानी की तुलना वही लोग करते हैं जिनके पास जरूरत से ज्यादा खाली समय है। सुशांत ने साथ ही कहा कि सचिन, सहवाग, धोनी और विराट उनके पसंदीदा क्रिकेटर हैं। 

लोगों को धोनी की फिल्म का बेसब्री से इंतजार 
उन्होंने कहा कि लोगों के पास बहुत समय है , वे बोर हो रहे हैं, उन्हें मनोरंजन चाहिए और वे विवादों के जरिए मनोरंजन करना चाहते हैं, इसीलिए कोई धोनी और कोई विराट की तरफदारी करने लगता है। धोनी के जीवन पर बनीं फिल्म इस समय काफी चर्चा में है और लोगों को इसका बेसब्री से इंतजार है। फिल्म इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। गौरतलब है कि विराट की कप्तानी में टैस्ट मैचों में भारतीय टीम का हाल के समय में काफी शानदार प्रदर्शन रहा है जिससे पूर्व क्रिकेटर और प्रशंसक उन्हें सीमित ओवरों की कप्तानी देने की बात करने लगे हैं।  सुशांत ने कहा कि भारतीय टेस्ट टीम में उन्हें धोनी की कमी खलती है। 

सचिन और सहवाग को भी मैदान में‘मिस’करता हूं 
सुशांत ने कहा कि जब मैं मैदान में भारतीय टीम को धोनी की गैरमौजूदगी में खेलते हुए देखता हूं तो उनकी कमी खलती है और मुझे थोड़ी निराशा भी होती है। मैं सचिन और सहवाग को भी मैदान में‘मिस’करता हूं। 
 

Advertising