रियो के लिए जमैका टीम में शामिल बोल्ट

punjabkesari.in Saturday, Jul 09, 2016 - 04:05 PM (IST)

किंग्सटन: हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण राष्ट्रीय ट्रायल्स के बीच से हटे गत ओलिंपिक और विश्व चैंपियन यूसेन बोल्ट को रियो ओलिंपिक के लिए जमैका की टीम में शामिल किया गया है।  ग्लेनेर समाचार पत्र की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि जमैका एथलेटिक्स प्रबंधन संघ (जेएएए) की चयन समिति की बैठक में बोल्ट को 100 मीटर और 200 मीटर स्पर्धा में शामिल किया गया है जिसके चलते जमैका ओङ्क्षलपिक संघ उन्हें टीम में शामिल करेगा। 
 
जमैका की तरफ से हर इवेंट में 3-3 धावक ही हिस्सा ले सकते है और इनका फैसला टीम प्रबंधन करेगा। बोल्ट गत सप्ताह जमैका चैंपियनशिप में 100 मीटर सेमीफाइनल हीट जीतने के बाद हट गए थे और वह फाइनल में नहीं खेले थे। उन्होंने बताया था कि वह हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण यह फैसला ले रहे हैं। उन्होंने एक फोटो भी शेयर की थी जिसमें उनके बाएं पैर में पट्टी बंधी हुई थी।  
 
29 वर्षीय बोल्ट यदि समय रहते अपनी फिटनेस साबित करते हैं तो टीम में शामिल किए जाने के बाद उनके पास लगातार तीसरे ओलिंपिक में 100 मीटर, 200 मीटर और चार गुणा 100 मीटर रिले के स्वर्ण पदक जीतने का मौका रहेगा। बोल्ट 22 जुलाई को लंदन में डायमंड लीग में हिस्सा लेने वाले हैं।  
 
बोल्ट को जेएएए नियमों के आधार पर ट्रायल से चिकित्सीय छूट दी गयी थी। नियमों के आधार पर धावक यदि बीमार हो अथवा फिट नहीं हो तो उसे एक समयसीमा तक अपनी फिटनेस साबित करनी होगी जिसके बाद टीम में चयन के लिये उनके नाम पर विचार किया जायेगा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, बोल्ट गत सप्ताह फ्रांस में थे और अपने डॉक्टर से इलाज करा रहे थे। वह इस दौरान हल्की ट्रेनिंग भी कर रहे थे। 
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News