विराट समेत इन 8 खिलाड़ियों को मिलेगा पद्मश्री

punjabkesari.in Thursday, Jan 26, 2017 - 03:39 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली, रियो ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथा स्थान हासिल करने वाली करिश्माई जिमनास्ट दीपा करमाकर, भारतीय गोलकीपर पी आर श्रीजेश और रियो पैरालंपिक के स्वर्ण विजेता मरियप्पन थंगावेलू तथा रजत विजेता दीपा मलिक सहित 8 खिलाड़ियों को इस वर्ष पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है।  इस वर्ष पद्म सम्मान के लिये कुल 89 हस्तियों का चयन किया गया है। इस सूची में सात पद्म विभूषण, सात पद्म भूषण और 75 पद्मश्री शामिल हैं। राष्ट्रपति मार्च या अप्रैल के आसपास राष्ट्रपति भवन में होने वाले समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करते हैं।  

 पद्मश्री के लिए 8 खिलाड़ियों का चयन किया गया है जिसमें क्रिकेट कप्तान विराट, महिला पहलवान साक्षी , जिमनास्ट दीपा, हॉकी गोलकीपर श्रीजेश, पैरालंपिक के स्वर्ण विजेता मरियप्पन ,रजत विजेता दीपा मलिक, डिस्कस थ्रोअर विकास गौड़ा और फ्लांइड क्रिकेटर शेखर नायक शामिल हैं।  

विराट का गत वर्ष नाम देश के सर्वाेच्च राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए शामिल था लेकिन रियो ओलिंपिक के चलते वह खेल रत्न नहीं बन पाए थे। विराट को इस साल पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। विराट अब तीनों प्रारूपों में भारतीय कप्तान बन चुके हैं और उनका शुमार दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में होता है। पिछले साल राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो चुकीं रियो ओलंपिक की कांस्य विजेता साक्षी मलिक और जिमनास्ट दीपा को भी पद्मश्री के लिए चुना गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News