रांची रेज ने कलिंगा से लिया हार का बदला

Friday, Jan 27, 2017 - 02:53 PM (IST)

रांची: रांची रेज ने अपने घरेलू मैदान में 3 दमदार मैदानी गोल के दम पर कलिंगा लांसर्स को गुरुवार को हॉकी इंडिया लीग में 7-2 से पीटकर उससे भुवनेश्वर में मिली हार का बदला चुका लिया।  

रांची रेज को गत 23 जनवरी को कलिंगा से भुवनेश्वर से 2-4 से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन अपने दर्शकों के सामने रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और उस हार का बदला चुका लिया। रांची ने 24 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर से गोल करने की शुरुआत की और फिर 30 वें ,31 वें तथा 44 वें मिनट में मैदानी गोल कर 7-0 की बढ़त बना ली। कलिंगा ने 49 वें मिनट में मैदानी गोल से हार का अंतर कम किया। 

रांची की 3 मैचों में यह पहली जीत है। उसने दबंग मुंबई से पहला मैच 3-3 से ड्रा खेला था और दूसरे मैच में कलिंगा से शिकस्त झेली थी। कलिंगा की लगातार दो जीत के बाद यह पहली हार है। कलिंगा ने दिल्ली वेबराइडर्स को 1-0 से और रांची को 4-2 से हराया था।   

पहल क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद रांची ने 24 वें मिनट में बढ़त बना ली जब कप्तान एश्ले जैक्सन ने पेनल्टी कार्नर पर गोल दाग दिया। सुमित ने 30 वें मिनट में मैदानी गोल से रांची की बढ़त 3-0 कर दी। इसके एक मिनट बाद ही क्रिस्टोफर रूर ने मैदानी गोल दागा और रांची रेज 5-0 से आगे हो गई। मनप्रीत सिंह ने 44 वें मिनट में एक और मैदानी गोल से स्कोर 7-0 कर दिया।  कलिंगा का एक मात्र मैदानी गोल ललित उपाध्याय ने 49 वें मिनट में किया। इसके बाद कोई और गोल नहीं हो सका और रांची ने 7-2 से यह मुकाबला जीत लिया। इस जीत के बाद रांची रेज के 8 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। कलिंगा इस हार के बावजूद 10 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है। 

Advertising