विश्व रैंकिंग में नडाल और फेडरर शीर्ष 4 से बाहर

Thursday, Oct 13, 2016 - 02:38 AM (IST)

लंदन: विश्व के पूर्व नंबर एक टैनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल और स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर 13 साल बाद पहली बार पुरुषों के एटीपी विश्व रैंकिंग में शीर्ष चार से बाहर हो गए हैं।   

सोमवार को पेशेवर टैनिस संघ (एटीपी) द्वारा जारी ताजा विश्व रैंकिंग में दोनों पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शीर्ष 4 में जगह बनाने में असफल रहे। ताजा विश्व रैंकिंग में 14 बार के ग्रैंड स्लेम विजेता राफेल नडाल एक स्थान नीचे खिसककर 4730 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गये हैं। 30 वर्षीय नडाल ने इस वर्ष दो खिताब जीते हैं जिसमें बार्सिलोना और मोंटे कार्लाे का खिताब शामिल है।  वहीं 17 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर 3730 अंकों के साथ 7वें स्थान पर खिसक गए हैं। फेडरर से आगे कनाडा के मिलोस राओनिक है जिन्होंने इस वर्ष विंबलडन में फेडरर को हराया था।   

ताजा विश्व रैंकिंग में सर्बिया के नोवाक जोकोविक ने 13540 अंकों के साथ अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है। दूसरे स्थान पर ब्रिटेन के एंडी मरे, तीसरे पर स्विट्जरलैंड  के स्टानिस्लास वावरिंका और चौथे स्थान पर जापान के की निशिकोरी हैं।  महिलाओं में ब्रिटेन की जोहना कोंटा 9 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर पहली बार शीर्ष 10 में पहुंची है। 25 वर्षीय कोंटा को हाल ही चाइना ओपन में पोलैंड की एजनिस्का रदवांस्का के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 
 

Advertising