विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बावजूद रैंकिंग में चौथा स्थान कायम है पीवी सिंधू

punjabkesari.in Thursday, Aug 31, 2017 - 04:41 PM (IST)

नई दिल्ली:  विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बावजूद भारत की पीवी सिंधू का विश्व रैंकिंग में चौथा स्थान कायम है जबकि कांस्य पदक जीतने वाली सायना नेहवाल चार स्थान के सुधार के साथ 12वें नंबर पर आ गई हैं।  

सिंधू को फाइनल में नोजोमी ओकूहारा से हार कार सामना करना पड़ा था। सिंधू का गुरूवार को जारी ताजा रैंकिंग में चौथा स्थान बना हुआ है। महिला रैंकिंग के शीर्ष 8 स्थानों में कोई बदलाव नहीं है। ताइपे की तेई जू यिंग नंबर एक पर कायम हैं। नई विश्व चैंपियन ओकूहारा तीन स्थान के सुधार के साथ टॉप-10 में शामिल हो गई हैं और अब वह नौवें स्थान पर हैं।  

कांस्य पदक जीतने वाली सायना को सेमीफाइनल में ओकूहारा से ही शिकस्त झेलनी पड़ी थी। लेकिन उन्हें 4 स्थान का फायदा हुआ और अब वह 16वें से 12वें नंबर पर पहुंच गयी हैं। चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में हारे किदांबी श्रीकांत पुरूष रैंकिंग में दो स्थान के सुधार के साथ आठवें नंबर पर पहुंच गए हैं।  अजय जयराम ने एक स्थान और बी साई प्रणीत ने दो स्थान का सुधार किया है। दोनों अब 16वें और 17वें नंबर पर आ गये हैं। एच एस प्रणय को तीन स्थान का नुकसान हुआ है और वह 18वें नंबर पर खिसक गए हैं। समीर वर्मा तीन स्थान के फायदे के साथ 26वें नंबर पर आ गए हैं।   

पुरूष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी एक स्थान के सुधार के साथ 33वें नंबर पर खिसक गये हैं। अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी का महिला युगल में 24वां स्थान बरकरार है। मिश्रित युगल में प्रणव चोपड़ा और एन सिक्की रेड्डी एक स्थान के सुधार के साथ 19वें तथा बी सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा नौ स्थान की छलांग की सुधार के साथ 47वें नंबर पर पहुंच गये हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News