पंजाब पुलिस में DSP नियुक्त किए गए 6 हॉकी खिलाड़ी

Monday, Dec 26, 2016 - 05:55 PM (IST)

नई दिल्ली: पंजाब सरकार ने छह हाकी खिलाडिय़ों सहित नौ अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों को आज खेल कोटे के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया। वर्ष 2014 के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदकधारी भारतीय पुरूष राष्ट्रीय हाकी टीम मिडफील्डर मनप्रीत सिंह, फारवर्ड आकाशदीप सिंह, सरवनजीत सिंह, रमनदीप सिंह, गुरविंदर सिंह चांडी और धरमवीर सिंह को चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में उपाधीक्षक नियुक्त किया गया जिसमें पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने भी शिरकत की।   

मनप्रीत और आकाशदीप उस टीम का हिस्सा थे जिसने इस साल के शुरू में लंदन में एफआईएच चैम्पियंस ट्राफी जीतने के अलावा 2016 रियो आेलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया और इस साल एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी। मनप्रीत कोलकाता में बेटन कप में खेल रहे थे, वह वहां से चंडीगढ़ पहुंचे। 

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस उपाधीक्षक नियुक्त किया जाना बड़ा सम्मान है। मैं हाकी में हमारे प्रयासों की सराहना के लिये पंजाब सरकार का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। ’’ पंजाब पुलिस में जिन अन्य खिलाडिय़ों को डीएसपी का पद पेश किया, उनमें तीन बार के एश्यिाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की पदकधारी मंदीप कौर, एशियाई खेलों की रजत पदकधारी एथलीट खुशबीर कौर और एशियाई खेलों की कांस्य पदकधारी अमनदीप कौर शामिल हैं।  

Advertising