प्रो कबड्डी लीग की इनामी राशि में बढ़ौतरी, विजेता टीम को मिलेंगे 3 करोड़ रुपए

punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2017 - 03:37 PM (IST)

मुंबई: देश में कबड्डी की बढ़ती लोकप्रियता का असर अब दिखने लगा है जहां 28 जुलाई से शुरू होने जा रही प्रो कबड्डी लीग के 5वें संस्करण के लिए इस बार ईनामी राशि में बंपर बढ़ौतरी की गई है जो पिछले सत्र के 2 करोड़ की तुलना में अब 8 करोड़ रूपए हो गई है। 

कबड्डी लीग के चौथे संस्करण में जहां टूर्नामेंट की ईनामी राशि 2 करोड़ रूपए थी उसमें इस वर्ष 5वें सत्र के लिए सीधे 6 करोड़ रूपए बढ़ाते हुए 8 करोड़ रूपए कर दिया गया है। लीग का 5वां संस्करण 28 जुलाई से हैदराबाद में शुरू होगा। चीनी मोबाइल कंपनी वीवो कबड्डी लीग की मुख्य प्रायोजक है जिसने गत मई में ही अगले 5 वर्षाें के लिए लीग के साथ करार किया है जो करीब 300 करोड़ रूपए का है।  

कबड्डी लीग में इस बार 12 टीमें उतरेंगी जो 138 मैच खेलेंगी। विजेता टीम को 3 करोड़ रूपए की ईनामी राशि मिलेगी जबकि उपविजेता टीम को एक करोड़ 80 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। वहीं तीसरे पायदान पर रहने वाली टीम को एक करोड़ 20 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा। चौथे पायदान पर रहने वाली टीम को 80 लाख रूपए जबकि 5वें और छठे पायदान की टीमों को 35-35 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा।  

लीग के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के ईनाम में भी इस बार इजाफा किया गया है जिसे अब 15 लाख रूपए कर दिया गया है। गत सत्र यह ईनाम अनुप कुमार और मंजीत चिल्लर को दिया गया था। अन्य व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ रेडर को 10 लाख रूपए, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर को 10 लाख और सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी को 8 लाख रूपए का ईनाम मिलेगा।  सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरूष रेफरी को साढ़े 3 लाख रूपए के व्यक्तिगत नगद पुरस्कार मिलेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News