''सिर्फ रोनाल्डो पर निर्भर नहीं पुर्तगाल की टीम''

Thursday, Jun 30, 2016 - 08:34 AM (IST)

नई दिल्ली: पुर्तगाल की टीम में क्रिस्टियानो रोनाल्डो का प्रदर्शन हमेशा सुर्खियां बटोरता है लेकिन यूरो 2016 में 2 गोल कर चुके उनके दोस्त लुइस नानी ने भी काफी प्रभावित किया है। क्रोएशिया के खिलाफ  लुइस ने पुर्तगाल के लिए अपना 100वां मैच खेला और अब पोलैंड के खिलाफ  होने वाले क्वार्टर फाइनल में भी उनके प्रदर्शन पर निगाहें रहेंगी।
 
प्रश्न : टूर्नामैंट में पुर्तगाल के अब तक के सफर को किस तरह आंकते हैं।
उत्तर :  ग्रुप चरण में आईसलैंड को न हरा पाने के बाद हमने कहा था कि घबराने की जरूरत नहीं है। अपने बाद के मैचों में हमने इस बात को सही साबित कर दिया। इस यूरो कप में पुर्तगाल ने हर मैच के साथ अपने प्रदर्शन का स्तर उठाया है। हर बीतते पल के साथ हम एक बेहतर टीम बन रहे हैं।
 
प्रश्न : यह लगभग असंभव-सी बात है कि पुर्तगाल की बात हो और क्रिस्टियानो रोनाल्डो की चर्चा न की जाए।
उत्तर : रोनाल्डो एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन साथी हैं। मगर हमने दिखाया है कि पुर्तगाल की टीम सिर्फ  रोनाल्डो पर निर्भर नहीं है। यह बात बेहद अहम है क्योंकि मैदान पर उतरने वाले 11 खिलाडिय़ों पर ही टीम की सफलता का दारोमदार होता है। 
 
प्रश्न : पोलैंड को हराने के लिए खास चीज क्या रहेगी। 
उत्तर :पुर्तगाल के लिए सफलता की कुंजी आत्मविश्वास है। कई लोगों ने तो हमें टूर्नामैंट की शुरूआत में ही खारिज कर दिया था। मगर हमने उन्हें लगातार गलत साबित किया और मैदान पर अपनी क्षमता दिखाई। हमें फिर से ऐसा ही करने की जरूरत है। 
Advertising