फीफा अंडर-17 विश्व कप में पराग्वे ने न्यूजीलैंड को 4-2 से हराकर नाकआउट में जगह बनाई

punjabkesari.in Monday, Oct 09, 2017 - 10:41 PM (IST)

नवी मुंबई: कप्तान अलेक्सिस दुराते के दो आत्मघाती गोल से बैकफुट पर पहुंचने के बाद पराग्वे ने स्थानापन्न अनाबेल वेगा के तीन मिनट के अंदर किये गये दो गोल की मदद से आज यहां न्यूजीलैंड को 4-2 से हराकर फीफा अंडर-17 विश्व कप के नाकआउट में अपनी जगह सुनिश्चित की। वेगा दूसरे हाफ में मैदान पर उतरे और इसके बाद अपनी छाप छोडऩे में सफल रहे। उन्होंने 75वें और और 78वें मिनट में गोल करके पराग्वे को महत्वपूर्ण जीत दिलायी। पराग्वे की तरफ से उनके अलावा एलन रोड्रिग्ज (दूसरे मिनट) और ब्लास अरमोआ (91वें मिनट) ने भी गोल दागे।

पहले मैच में माली को हराने वाले पराग्वे के अब दो मैचों में छह अंक हैं और वह ग्रुप बी से शीर्ष पर पहुंच गया है। न्यूजीलैंड ने तुर्की के खिलाफ अपना पहला मैच ड्रा खेला था और उसका अब दो मैचों में एक अंक है।  रोड्रिग्ज ने दूसरे मिनट में ही फ्री किक पर गोल करके पराग्वे को शानदार शुरूआत दिलायी लेकिन भाग्य न्यूजीलैंड के साथ था। पराग्वे की टीम शुरू में मिली इस बढ़त से जब दबाव बना रही थी तब दो आत्मघाती गोल होने से उसकी सारी रणनीति धरी की धरी रह गयी। दोनों अवसरों पर दोषी अलेक्सिस दुराते थे। उन्होंने 20वें मिनट में पहला आत्मघाती गोल किया जिससे स्कोर 1-1 से बराबर हो गया। इसके बाद 34वें मिनट में फिर से यही गलती दोहरायी और न्यूजीलैंड को 2-1 से आगे कर दिया।

मध्यांतर तक कीवी टीम ने यह बढ़त बनाये रखी थी। पराग्वे ने दूसरे हाफ में वापसी के लिये काफी कोशिश की। उसे आखिर में 75वें मिनट में बराबरी का गोल दागने का मौका मिला जब लगातार हमलों के बाद वेगा गोल करने में सफल रहे। इससे एक मिनट पहले न्यूजीलैंड के गोलकीपर जैकब क्लार्क ने गोल बचाया था लेकिन वेगा अगला मौका मिलने पर उनको छकाने में सफल रहे। वेगा ने इसके तीन मिनट बाद एक और गोल दागकर पराग्वे को फिर से मैच में बढ़त दिलायी जबकि अरमोआ ने दूसरे हाफ के इंजुरी टाइम में टीम की तरफ से चौथा गोल किया।   पराग्वे अपने आखिरी लीग मैच में तुर्की से भिड़ेगा जबकि न्यूजीलैंड का सामना माली से होगा।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News