पद्मिनी ने जीता राष्ट्रीय महिला शतरंज खिताब

Tuesday, Nov 15, 2016 - 08:57 AM (IST)

नई दिल्ली: 43वीं राष्ट्रीय महिला प्रीमियर शतरंज चैम्पियनशिप में पी.एस.पी.बी. की पद्मिनी राऊत ने खिताबी हैट्रिक लगाते हुए जीत लिया। इससे पहले उन्होंने महाराष्ट्र-2014 और कोलकाता-2015 में यह खिताब अपने नाम किया था।  मजेदार बात यह है कि पद्मिनी से पहले यह खिताब लगातार 3 साल तक मेरी एन. गोम्स ने जीता था, मतलब पिछले 6 साल में भारत ने सिर्फ  2 राष्ट्रीय विजेता देखे हैं। अंतिम और 11वें राऊंड में पद्मिनी ने शीर्ष वरीयता प्राप्त ईशा करवाड़े से सफेद मोहरों के साथ आसान ड्रॉ खेलते हुए अपनी जीत सुनिश्चित कर ली। वह कुल 8 अंकों के साथ अकेली खिलाड़ी रही।

एयर इंडिया की विजयालक्ष्मी ने तमिलनाडु की आर. वैशाली को पराजित करते हुए 7.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान सुनिश्चित किया। वहीं तीसरे स्थान पर शीर्ष वरीयता प्राप्त पी.एस.पी.बी. की ईशा करवाड़े रही जिन्होंने 7 अंक अर्जित किए।  आज सबसे ज्यादा नुक्सान उठाना पड़ा कल तक 7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर चल रही पी.एस.पी.बी. की ही पूर्व विश्व जूनियर विजेता सौम्या स्वामीनाथन को जिन्हें थोड़ा खराब लय में चल रही मेरी एन. गोम्स से हारने की कीमत शीर्ष 3 में स्थान गंवाने के रूप में चुकानी पड़ी। सौम्या 7 अंक बनाकर टाई ब्रेक की वजह से चौथे स्थान पर रही। पी.एस.पी.बी. की मेरी एन. गोम्स 5.5 अंक बनाकर 5वें स्थान पर रही। 

अन्य परिणाम इस प्रकार रहे 
अन्य खिलाडिय़ों में तमिलनाडु की महालक्ष्मी, एयर इंडिया की निशा मेहता, तमिलनाडु की बाला कनम्मा और एल.आई.सी. की स्वाति घाटे 5 अंक बनाकर क्रमश: छठे, 7वें, 8वें और 9वें स्थान पर रही। एल.आई.सी. की किरण मनीषा मोहंती 4 अंक बनाकर 10वें और तमिलनाडु की आर. वैशाली और प्रत्युषा बोदा 11वें और 12वें स्थान पर रही। 

Advertising