भारतीय हॉकी टीम के कप्तान श्रीजेश ने पद्मश्री पुरस्कार टीम को समर्पित किया

Wednesday, Jan 25, 2017 - 07:56 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम के कप्तान पी आर श्रीजेश ने आज पद्मश्री के लिए नामित होने के बाद यह सम्मान अपने साथी खिलाडिय़ों को समर्पित किया। श्रीजेश के अलावा भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली, आेलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक, जिम्नास्ट दीपा करमाकर और एथलीट विकास गौड़ा का चयन भी इस सम्मान के लिये हुआ है। श्रीजेश ने कहा ,‘‘ मैं यह सम्मान अपनी टीम को समर्पित करता हूं जिसने पिछले कुछ साल में असाधारण प्रदर्शन किया है। हम साथ साथ आगे बढे है और इस सफलता का पूरा मजा लिया है। हारने पर एक दूसरे का मनोबल बढाया है। टीम के सहयोग के बिना यह संभव नहीं था।’’

श्रीजेश ने 2004 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में जूनियर राष्ट्रीय टीम में प्रवेश किया। सीनियर टीम में पदार्पण उसने 2006 दक्षिण एशियाई खेलों के जरिये किया। श्रीजेश को 2008 एशिया कप में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। वह 2011 से भारतीय सीनियर टीम के नियमित सदस्य हैं। एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी 2011 फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ उसने दो पेनल्टी स्ट्रोक बचाकर टीम की खिताबी जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। वह 2014 राष्ट्रमंडल खेल रजत पदक विजेता टीम के भी सदस्य थे। एशियाई खेल 2014 में उन्होंने फाइनल में पेनल्टी स्ट्रोक बचाया और भारत ने स्वर्ण जीतकर रियो आेलंपिक का कोटा हासिल किया था। 

Advertising