1932 में पहली बार प्रयोग किया गया विक्ट्री स्टैंड

Thursday, Jul 14, 2016 - 09:21 AM (IST)

नई दिल्ली: 1932 लांस एंजल्स कैलिफोर्निया (यू.एस.ए.) में करवाई गई ओलिम्पिक में 37 देशों के 1,332 (1,206 पुरुष व 126 महिलाएं) खिलाडिय़ों ने 14 खेलों के 117 मुकाबलों में भाग लिया था। 30 जुलाई से 14 अगस्त तक चली इस ओलिम्पिक में मेजबान अमरीका ने 41 स्वर्ण, 32 रजत व 30 कांस्य (कुल-103 पदक) जीत कर अपनी श्रेष्ठता दर्ज की।
 
 इटली, फ्रांस, स्वीडन व जापान ने क्रमश: द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ व  5वां स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन बालविन हिल्स क्षेत्र में पुरुष खिलाडिय़ों के लिए बसाए गए ओलिम्पिक गांव में किया गया, जबकि महिला खिलाडिय़ों को चैपमैन पार्क होटल में रखा गया था। इस ओलिम्पिक के दौरान पहली बार विक्ट्री स्टैंड का प्रयोग किया गया।  पुरुष हॉकी में कुल 3 टीमों ने भाग लिया था जिसमें भारत ने स्वर्ण, जापान ने रजत व मेजबान अमरीका ने भारत के हाथों 24-1 व जापान के हाथों 9-2 की हार के बावजूद कांस्य पदक जीता था। भारत ने केवल 15 सदस्यीय दल के  साथ केवल हॉकी प्रतियोगिता में ही भाग लिया था। इस टीम की कप्तानी लाल शाह बुखारी ने की। 
 
पेशेवर खिलाडिय़ों को इन खेलों में भाग लेने से रोक दिया गया था। इस ओलिम्पिक के दौरान फुटबॉल प्रतियोगिता भी नहीं हो पाई।  तकनीकी गलती के चलते 3 हजार मीटर स्टीपल चेज दौड़ में एक चक्कर अधिक लगवाने के चलते यह दौड़ 3 हजार 460 मीटर में पूरी हुई थी। इस दौड़ में फिनलैंड, ग्रेट ब्रिटेन व मेजबान अमरीका ने क्रमश: प्रथम 3 स्थान प्राप्त किए।  
Advertising