बर्लिन ओलिम्पिक में ध्यान चंद ने लिया संन्यास

Friday, Jul 15, 2016 - 08:40 AM (IST)

नई दिल्ली: 1936 के ओलिम्पिक बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित किए गए। इस प्रतियोगिता में 49 देशों के 3,963 (3,632 पुरुष व 331 महिलाएं) खिलाडिय़ों ने 19 खेलों के 129 मुकाबलों में भाग लिया। ये खेल 1 से 16 अगस्त तक आयोजित किए गए। 
 
मेजबान जर्मनी ने 33 स्वर्ण, 26 रजत व 30 कांस्य (कुल- 89 पदक) प्राप्त किए जबकि अमरीका 24 स्वर्ण, 20 रजत व 12 कांस्य (कुल-56 पदक) जीत कर दूसरे स्थान पर रहा। हंगरी व इटली ने क्रमश: तीसरा व चौथा स्थान प्राप्त किया। उद्घाटन समारोह के दौरान 25,000 कबूतरों को छोड़ा गया था। 
 
बास्केटबाल व हैंडबाल प्रतियोगिता इस ओलिम्पिक में नए खेल के रूप में शामिल किए गए। 1936 में भारतीय हाकी टीम ने मेजबान जर्मनी को 8-1 से पराजित कर लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतने का श्रेय प्राप्त किया। 20 सदस्यीय भारतीय ओलिम्पिक दल का नेतृत्व हाकी के जादूगर ध्यान चंद ने किया। भारत ने हाकी के अतिरिक्त किसी अन्य खेल में भाग नहीं लिया। इसी दौरान हाकी के जादूगर ध्यान चंद ने मात्र 31 वर्ष की आयु में ओलिम्पिक खेलों से संन्यास लेने की घोषणा की थी। 

 

Advertising