गुप्टिल के शतक से न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को पीटा

Wednesday, May 31, 2017 - 09:04 AM (IST)

बर्मिंघम:  ओपनर मार्टिन (116 रिटायर्ड) और कप्तान केन विलियम्सन (रिटायर्ड 88) के आतिशी पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को अभ्यास मैच में मंगलवार को 6 विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्राफी के लिए अपनी मजबूत तैयारियों का संकेत दे दिया।   


गत चैंपियन भारत से वर्षा बाधित पहले अभ्यास मैच में डकवर्थ लुईस नियम के तहत 45 रन से हारने वाले न्यूजीलैंड ने अपने दूसरे अभ्यास मैच में श्रीलंका को 23 गेंद शेष रहते 6 विकेट से पीट दिया। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के 8 विकेट पर 356 रन के विशाल स्कोर को 46.1 ओवर में 4 विकेट पर 359 रन बनाकर हासिल कर लिया। गुप्तिल ने रिटायर्ड होने से पहले मात्र 76 गेंदों में 116 रन की शतकीय पारी में 10 चौकों और पांच छक्के ठोके। कप्तान केन विलियम्सन ने 60 गेंदों में सात चौके और 4 छक्कों की बदौलत 88 रन की पारी खेली। हालांकि उन्हें इसी स्कोर पर रिटायर होकर पवेलियन लौटना पड़ा जिससे वह शतक पूरा नहीं कर सके।  

ऑलराउंडर कोरी एंडरसन ने 36 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों के सहारे नाबाद 50, टॉम लाथम ने 49 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के के दम पर 44 और नील ब्रूम ने 38 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 37 रन की नाबाद पारी खेली। एस प्रसन्ना ने 63 रन पर दो विकेट हासिल किया।  

Advertising