नार्थईस्ट को 1-0 से हराकर शीर्ष पर पहुंचा मुंबई

Sunday, Nov 06, 2016 - 09:12 AM (IST)

गुवाहाटी:  मुंबई सिटी एफसी ने शनिवार को मेजबान नार्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को रोमांचक मुकाबले में 1-0 हराते हुए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सत्र की तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।  

अपने घर में इस सीजन में नार्थईस्ट की यह लगातार तीसरी हार है। यहां इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इस मैच का एकमात्र गोल 45वें मिनट में मुंबई के जैकीचंद सिंह ने किया। इस जीत के साथ मुंबई के 9 मैचों से 15 अंक हो गए हैं और उसने दूसरे स्थान पर खिसक गई दिल्ली डायनामोज पर दो अंकों की बढ़त ले ली है। नार्थईस्ट 8 मैचों से 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।  मैच का पहला हाफ काफी रोचक रहा। मुंबई ने इस दौरान काफी समय तक गेंद अपने पास रखी और खेल पर हावी रहा। इस दौरान हालांकि इस टीम को कई अच्छे मौके भी मिले लेकिन वह उन्हें भुना नहीं सका। 

45वें मिनट में हालांकि जैकीचंद ने मुंबई को एक आसान गोल के साथ आगे कर दिया।  जैकीचंद ने मुंबई को पूरे 3 अंक दिलाने वाला गोल सोनी नोर्डे के पास पर किया। गुस्तावो लाजारेती द्वारा गोलकीपर को बैकपास देने के बाद नोर्डे गेंद पर टूट पड़े। इस दौरान वेलिंग्टन गोम्स गेंद को अपने काबू में लेने का प्रयास करने लगे लेकिन अपने किसी साथी को देने की बजाय उन्होंने गलती से गेंद जैकी को दे दिया। जैकी ने बिना किसी गलती के गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया।  नार्थईस्ट ने इस हाफ में संभलकर शुरुआत की। उसके सामने पहले हाफ में बढ़त लेने का एक अच्छा मौका 30वें मिनट में आया था लेकिन एमिलियानो एल्फारो के करीबी प्रयास को मुंबई के गोलकीपर एल्बीनो गोम्स ने रोक दिया। इसके बाद हालांकि यह टीम कोई और बड़ा मौका नहीं बना सकी। 
 

Advertising