नरसिंह का रूममेट भी डोप टेस्ट में हुआ फेल, WFI को साजिश का शक

punjabkesari.in Monday, Jul 25, 2016 - 01:16 PM (IST)

नई दिल्ली: साई सेंटर सोनीपत में नरसिंह यादव के कमरे में रहने वाले संदीप यादव के भी डोप टेस्ट में नाकाम रहने के बाद WFI ने कहा कि इससे शक पक्का हो गया है कि इसमें कोई साजिश हुई है। भारतीय कुश्ती महासंघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने कहा ,‘‘शिविर में नरसिंह के रूममेट को भी उसी पदार्थ के सेवन का दोषी पाया गया जिससे साफ पता चलता है कि यह साजिश है। दोनों पहलवान रूममेट होने के कारण एक ही सप्लीमेंट्स ले रहे थे।’’

उन्होंने कहा ,‘‘उसके नमूने में स्टेरायड की मात्रा काफी ज्यादा मिली है जिस पर यकीन करना मुश्किल है। लगता है कि जान-बूझकर एेसा किया गया है। कोई इतना ज्यादा डोज क्यों लेगा।’’ यह पूछने पर कि क्या शिविर में कोई और भी डोप टेस्ट में नाकाम रहा, उन्होंने ना में जवाब दिया। उन्होंने कहा ,‘‘ सिर्फ ये दोनों ही नाकाम रहे जिससे साफ पता चलता है कि कुछ गड़बड़ है।’’

राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजैंसी के महानिदेशक नवीन अग्रवाल ने कल इसकी पुष्टि की थी कि नरसिंह के बी नमूने में भी प्रतिबंधित स्टेरायड के अंश पाए गए हैं। वह कल नाडा की अनुशासन पेनल के सामने पेश हुआ था। पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले नरसिंह का रियो आेलंपिक के लिए चयन विवादित हालात में हुआ था क्योंकि आेलंपिक दोहरे पदक विजेता सुशील ने 74 किलो वर्ग में दावेदारी ठोकी थी।

नरसिंह ने चूंकि विश्व चैंपियनशिप के जरिए कोटा हासिल किया था WFI और दिल्ली उच्च न्यायालय दोनों ने सुशील की मांग खारिज कर दी। नरसिंह को हालांकि इसके लिए लंबी कानूनी लड़ाई लडऩी पड़ी थी। नरसिंह ने भी खुद को बेकसूर बताते हुए कहा था,‘‘ यह मेरे खिलाफ साजिश है। मैने कभी कोई प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया है।’’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News