फुटसाल लीग: चेन्नई को हराकर मुंबई सैमीफाइनल में

Wednesday, Jul 20, 2016 - 11:45 AM (IST)

मापुसा: फोगलिया के शानदार 2 गोल की बदौलत मुंबई ने चेन्नई को 4-3 से चित कर प्रीमियर फुटसाल लीग के सैमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।  मंगलवार रात हुए मुकाबले में मुंबई के लिए पहला गोल फोगलिया ने मैच के 7वें मिनट में किया। 
 
मुंबई की खुशी थोड़ी ही देर रही और चेन्नई के सीन गार्नियर ने नौंवे मिनट में चेस्ट के जरिए बेहतरीन गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। चेन्नई ने दूसरे क्वार्टर में लीड बना ली। चेन्नई के लिए दूसरा गोल रोमूलो ने 16वें मिनट में किया। लेेकिन 4 मिनट बाद ही मुंबई के लिए कोलंबियन खिलाड़ी एंगेलोट ने 20वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 से बराबरी पर ला दिया।  
 
चेन्नई के कैमिलो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 23वें मिनट में गोल कीपर के बीच से बॉल को नेर्ट्स तक पहुंचाया और टीम को फिर से 3-2 की बढ़त दिला दी। लेकिन रियान गिग्स ने एक और गोल करके मुंबई को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद मुंबई के फोगलिया ने 34वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल करते हुए मुंबई को 4-3 से जीत दिलाकर सैमीफाइनल का टिकट कटवा दिया।
Advertising