धोनी ने बॉक्स ऑफिस पर लगाया दोहरा शतक

punjabkesari.in Tuesday, Oct 18, 2016 - 08:55 AM (IST)

मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी फिल्म ‘एम.एस. धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ ने बॉक्स ऑफिस पर दोहरा शतक लगाते हुए 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। 

नीरज पांडे निर्देशित यह फिल्म  30 सितम्बर को रिलीज हुई है। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया है। धोनी के जीवन पर बनी इस फिल्म ने समीक्षकों के साथ ही दर्शकों का भी दिल जीता है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले सप्ताह के दौरान 94 करोड़ रुपए की शानदार कमाई की थी। फिल्म अब तक भारतीय बाजार में ग्रॉस 175 करोड़ और विदेशी बाजार में ग्रॉस 29 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है।

इस तरह फिल्म ने कुल मिलाकर ग्रॉस 204 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। इस वर्ष प्रदर्शित फिल्मों में ‘एम.एस. धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ के अलावा ‘एयरलिफ्ट’, ‘सुल्तान’ और ‘रुस्तम’ ने भी ग्रॉस 200 करोड़ से अधिक की कमाई की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News