टीम इंडिया के हेड कोच बनेंगे MS Dhoni? आकाश चोपड़ा के बयान से मची सनसनी; जानें सबकुछ
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 09:06 AM (IST)

नेशनल डेस्क: महेंद्र सिंह धोनी यानी एमएस धोनी भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल और चर्चित कप्तानों में से एक रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 का टी20 वर्ल्ड कप, 2011 का वनडे वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट अपने नाम किए। वे ना सिर्फ एक रणनीतिक कप्तान थे बल्कि युवा खिलाड़ियों को तराशने और उनमें आत्मविश्वास भरने के लिए भी जाने जाते हैं। उनकी लीडरशिप के दौरान विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभर कर सामने आए। यही वजह है कि फैंस के मन में अक्सर यह सवाल उठता है – क्या धोनी कभी टीम इंडिया के कोच बनेंगे?
आकाश चोपड़ा ने तोड़ी चुप्पी
भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस बहुचर्चित सवाल का जवाब अपने यूट्यूब चैनल पर दिया। उन्होंने बेहद सरल भाषा में बताया कि उन्हें नहीं लगता कि एमएस धोनी को कोचिंग में कोई खास रुचि है। आकाश ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि धोनी कोचिंग देना चाहेंगे। कोचिंग एक फुल टाइम नौकरी है जिसमें आप फिर से वैसे ही व्यस्त हो जाते हैं जैसे आप अपने क्रिकेट करियर में थे। कई बार तो जिम्मेदारियां और भी बढ़ जाती हैं।"
कोचिंग को लेकर खिलाड़ियों की सोच
आकाश चोपड़ा ने सिर्फ धोनी के बारे में ही नहीं बताया बल्कि यह भी समझाया कि अधिकतर खिलाड़ी कोचिंग क्यों नहीं करते। उन्होंने कहा कि एक पेशेवर क्रिकेटर ने अपना पूरा जीवन सफर में, होटल में और मैदान पर ही बिताया होता है। रिटायरमेंट के बाद वे थोड़ा स्थिर जीवन जीना चाहते हैं। उनके मुताबिक, "खिलाड़ियों के पास परिवार होता है। वे सोचते हैं कि जब पूरी जिंदगी सूटकेस के साथ बिताई है तो अब क्यों दोबारा उसी जिंदगी में लौटें।" इसी कारण अधिकतर खिलाड़ी सिर्फ IPL जैसी सीमित अवधि की लीग्स में ही कोचिंग करना पसंद करते हैं जहां काम कुछ महीनों का होता है। जबकि भारतीय टीम का कोच बनने पर पूरे साल भर लगभग 10 महीने टीम के साथ यात्रा करनी होती है, जो काफी थकाऊ और समय लेने वाला काम है।
धोनी के पास समय नहीं?
आकाश चोपड़ा का मानना है कि धोनी अब कोचिंग जैसे व्यस्त शेड्यूल को नहीं अपनाएंगे। वे फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ जुड़े हैं और आने वाले समय में IPL से भी रिटायर हो सकते हैं। धोनी अब एक अलग जीवन जी रहे हैं जिसमें खेती, बिजनेस और परिवार के साथ समय बिताना शामिल है। ऐसे में भारतीय टीम के कोच की जिम्मेदारी उठाना शायद उनकी प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है।
धोनी और मेंटर की भूमिका
हालांकि, यह ज़रूर याद रखने वाली बात है कि धोनी 2021 के T20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के मेंटॉर बने थे। उस वक्त बीसीसीआई ने विशेष रूप से उन्हें टीम से जोड़ा था। उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती मिली थी लेकिन तब भी उन्होंने पूर्णकालिक कोच की भूमिका नहीं निभाई।