फेल्प्स के विश्व रिकॉर्ड से एक कदम दूर ड्रैसेल

Sunday, Jul 30, 2017 - 04:14 PM (IST)

बुडापेस्ट: अमरीका के 20 वर्षीय नए स्टार सेलेब ड्रैसेल एक ही दिन 3 स्वर्ण पदक जीतने के साथ महान माइकल फेल्प्स के एक विश्व तैराकी चैंपियनशिप में 7 स्वर्ण पदक जीतने के विश्व रिकॉर्ड से एक कदम दूर रह गए हैं। 

फेल्प्स ने आस्ट्रेलिया में 2007 की विश्व चैंपियनशिप में सात स्वर्ण पदक जीते थे। ड्रैसेल के स्वर्ण पदकों की संख्या अब 6 पहुंच चुकी है। उन्होंने शनिवार शाम पुरुषों की 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई और 4 गुणा 100 मीटर मिश्रित फ्री स्टाइल रिले के स्वर्ण पदक जीते। रिले में अमेरिकी चौकड़ी ने अपने ही विश्व रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।   

ड्रैसेल इसके साथ ही एक ही दिन में 3 स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले तैराक भी बन गए। उन्होंने 50 मीटर फ्री स्टाइल का स्वर्ण 21.15 सेकेंड में और 100 मीटर बटर फ्लाई का स्वर्ण 49.86 सेकेंड में जीता। इसके बाद वह विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली अमेरिकी रिले टीम का भी हिस्सा बने।  20 वर्षीय ड्रैसेल के इस स्वर्णिम प्रदर्शन से अमरीका ने पदक तालिका में चीन को पीछे छोड़ पहला स्थान हासिल कर लिया। अमरीका के अब 16 स्वर्ण, 12 रजत और 10 कांस्य सहित 38 पदक हो गए हैं। चीन 12 स्वर्ण सहित 30 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गया है जबकि रुस 11 स्वर्ण सहित 22 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। 

Advertising