शारापोवा फिर से यूएन की गुडविल एंबेसेडर की भूमिका निभाएंगी

Friday, Nov 11, 2016 - 12:14 PM (IST)

न्यूयॉर्क:  रूस की टैनिस स्टार मारिया शारापोवा अगले वर्ष अप्रैल में अपने ऊपर लगे प्रतिबंध हटने के बाद एक बार फिर से संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) की गुडविल एंबेसेडर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। यूएनडीपी ने एक बयान में यह जानकारी दी। संस्था ने कहा कि यूएनडीपी को यह जानकार बड़ी खुशी हो रही है कि शारापोवा फिर से खेल में लौटेंगी। एक बार उनके ऊपर से प्रतिबंध हट जाए उसके बाद वह फिर से संस्था की गुडविल एंबेसेडर की भूमिका में नजर आएंगी।

5 बार की ग्रैंड स्लेम चैंपियन शारापोवा फरवरी 2007 में इस संस्था की ब्रांड एंबेसेडर बनी थीं लेकिन डोप टेस्ट में मेल्डोनियम नाम की दवा लेने की वजह से पॉजिटिव पाए जाने के बाद खेल पंचाट ने उन पर दो वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बार यूएनडीपी ने भी शारापोवा के साथ काम न करने का फैसला किया था। हालांकि बाद में शारापोवा द्वारा अपने ऊपर लगे प्रतिबंध के खिलाफ अपील करने के बाद खेल पंचाट ने गत माह अक्टूबर में उन पर लगा प्रतिबंध घटाकर 15 महीने का कर दिया था।   

प्रतिबंध के कारण लंदन ओलिंपिक की रजत पदक विजेता रहीं शारापोवा इसी साल अगस्त में हुए रियो ओलिंपिक में हिस्सा नहीं ले सकीं थीं। लेकिन वह दिसंबर में फ्रेंच ओपन विजेता स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा के खिलाफ मैड्रिड में एक प्रदर्शनी मैच खेलने वाली हैं।  

Advertising