धोनी को लेकर हर्ष गोयनका ने किया विवादित ट्वीट, भड़के फैंस

Sunday, Apr 09, 2017 - 04:56 PM (IST)

नई दिल्ली: पुणे के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के खिलाफ विवादास्पद बयान देकर एक बार फिर इस बात को हवा दी है कि टीम के मालिक तथा धोनी के बीच संबंध मधुर नहीं हैं। टी 20 लीग के लिए धोनी के स्थान पर स्टीवन स्मिथ को पुणे की टीम का कप्तान बनाए जाने पर तमाम विवाद उठा था कि आखिर धोनी ने अचानक कप्तानी क्यों छोड़ दी या स्मिथ को उनके स्थान पर कप्तान क्यों बनाया गया है और अब हर्ष गोयनका ने धोनी के खिलाफ बयान देकर धोनी के तमाम प्रशंसकों को एक बार फिर से नाराज कर दिया है।   

सत्र की शुरुआत में अपने पहले मैच में पुणे ने स्मिथ की कप्तानी पारी के दम पर मुंबई पर रोमांचक जीत दर्ज की थी। संजीव गोयनका के भाई हर्ष ने स्मिथ की प्रशंसा करते हुए ट्विटर पर कहा कि स्मिथ ने दिखा दिया कि जंगल का राजा कौन है। यह पारी पूरी तरह धोनी पर भारी थी। यह एक नायाब कप्तानी पारी थी और दिखा दिया कि उन्हें कप्तान बनाए जाने का निर्णय सही था।


प्रशंसकों ने हर्ष के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। एक प्रशंसक ने लिखा कि हर्ष आपको शर्म आनी चाहिए। धोनी जैसे महान खिलाड़ी के लिए आपको दिल में सम्मान रखना चाहिए। विदेशी खिलाड़ियों को लेकर अपने खिलाड़ियों का अपमान न करें।  एक अन्य प्रशंसक ने लिखा कि क्या आपका (हर्ष) दिमाग काम नहीं कर रहा है। खेल को छोड़कर आप तो पूरी तरह व्यवसायी हो गए। जब सबकुछ सही चल रहा है तो इस तरह के बयान देने का क्या औचित्य है।  दूसरे प्रशंसक ने कहा कि मिस्टर गोयनका हम आपकी टीम का समर्थन आपकी वजह से कतई नहीं करते हैं बल्कि सिर्फ एक शख्स धोनी है जिसके खेल के हम दीवाने हैं और उन्हीं की वजह से हम टीम का अपार समर्थन करते हैं। यदि आज धोनी आपकी टीम से हट जाए तो आप 80 फीसदी प्रशंसकों का समर्थन खो देंगे।

Advertising