INDvsAUS: इस वजह से तीसरे टैस्ट में खलेगी धोनी की कमी

Tuesday, Mar 14, 2017 - 03:15 PM (IST)

रांची: महेंद्र सिंह धोनी ने यहां स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान नगाड़ा बजाया था और उनकी यह छवि सभी स्थानीय लोगों के जेहन में है लेकिन चार साल बाद अब यह शहर भारत का 26वां टेस्ट केंद्र बनने जा रहा है तो यहां का मूड बहुत ही फीका है।   

रांची दो दिन के अंदर बार्डर-गावस्कर ट्राफी के लिए भारत और आस्ट्रेलिया के बीच तीसरे क्रिकेट टैस्ट के जरिए टैस्ट पदार्पण करने जा रहा है, लेकिन शहर का सबसे लोकप्रिय बेटा दिल्ली में घरेलू वनडे में अपनी टीम की अगुवाई करने में व्यस्त होगा।  

वर्ष 2014 के अंत में धोनी ने छोटे प्रारूप में अपना करियर बढ़ाने के लिए टैस्ट नहीं खेलने का फैसला किया था और इस समय वह दिल्ली में है और कल विजय हजारे ट्राफी के क्वार्टरफाइनल में विदर्भ के खिलाफ खेलेंगे। रांची टैस्ट की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं और निश्चित रूप से धोनी की कमी खलेगी जिसका अंदाजा टिकट काउंटर के खाली होने से लगाया जा सकता है।  

धोनी के बचपन के कोच केशव बनर्जी ने कहा कि यह सब धोनी की वजह से ही है कि हम यहां पहले टैस्ट की मेजबानी कर रहे हैं। उसकी प्रसिद्धि ने शहर को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर ला दिया है, लेकिन इस समय हम चाहते हैं कि वह नई दिल्ली में अच्छा प्रदर्शन करे। साथ ही हम उम्मीद करते हैं कि रांची टीम इंडिया के लिए भाग्यशाली साबित हो। 

Advertising