धोनी की टीम के लिए खेलना प्रेरणादायी है: मनप्रीत सिंह

Sunday, Jan 08, 2017 - 03:49 PM (IST)

नई दिल्ली: रांची रेज के लिए खेलने वाले भारतीय हाकी टीम के सदस्य मनप्रीत सिंह को लगता है कि हाकी इंडिया लीग में महेंद्र सिंह धोनी की फ्रेंचाइजी टीम के लिए खेलना सम्मान की बात है।  

सीनियर भारतीय हाकी टीम के मिडफील्डर मनप्रीत ने कहा कि भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तानों में से एक की खरीदी हुई टीम के लिए खेलना हमारे लिए बहुत प्रेरणादायी है। हमारी टीम की सबसे हम चीज यही है कि दबाव भरे हालात में ‘कूल’ और शांत रहना जैसा महेंद्र सिंह धोनी रहते हैं और यही हमारी टीम के लिए हमेशा कारगर रहा है। 

मनप्रीत ने कहा कि पिछली बार कोच हरेंद्र सिंह ने हमें धोनी का संदेश बताया था जिसमें उन्होंने हमें शुभकामनाएं ही नहीं भेजी थीं बल्कि हमें कहा था कि हमेशा जीतना मायने नहीं रखता बल्कि मायने यह रखता कि हम सुनिश्चित करें कि हम अपना शत प्रतिशत दें क्योंकि इसके बाद परिणाम अपने आप मिल जाएगा। उन्होंने यह भी कहा था कि हमें हमेशा उनका समर्थन मिलता रहेगा और यह काफी प्रेरणादायी है। रांची रेज कोल इंडिया हाकी इंडिया लीग के शुरूआती दिन 21 जनवरी को अपना पहला मैच मुंबई में दबंग मुंबई से खेलेगी।  

Advertising