बंगलादेश की लड़कियों ने जीता सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट

Friday, Sep 15, 2017 - 09:23 PM (IST)

नई दिल्लीः बंगलादेश के क्रीड़ा शिक्षा प्रतिष्ठान ने आइजोल के मिजो हाई स्कूल (एनसीसी) को शुक्रवार को यहां डा अंबेडकर स्टेडियम में 1-0 से हराकर 58वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में अंडर 17 जूनियर लड़कियों की ट्राफी जीत ली।  

फाइनल का एकमात्र गोल रेहाना अख्तर ने 10वें मिनट में किया। बंगलादेशी लड़कियों ने अपने एक गोल की बढ़त को पहले और दूसरे सत्र में बरकरार रखते हुए ट्राफी को ढाका ले जाने का गौरव हासिल कर लिया। मिजो लड़कियां अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद बंगलादेश टीम को चुनौती नहीं दे सकी। मिजो लड़कियों का खेल पूरी तरह बिखरा रहा जिसका फायदा उठाते हुए बंगलादेशी टीम ने अपनी बढ़त को अंत तक बनाए रखा। 

लड़कियों का फाइनल देखने के लिए एन बाला देवी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं।   इससे पहले अंडर 17 जूनियर लड़कों के क्वार्टरफाइनल में त्रिपुरा ने गोवा को 3-1 से और झारखंड ने साई कोलकाता को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। त्रिपुरा की जीत में विश्वजीत देववर्मा, पोहर जमैता और संजय जमैता ने गोल किये जबकि झारखंड की जीत में जॉनसन सिंह ने दो गोल दागे।
 

Advertising