कोहली ने पुजारा की तारीफ की, भारत का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज करार दिया

Monday, Aug 07, 2017 - 09:16 AM (IST)

कोलंबो: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आज यहां कहा कि चेतेश्वर पुजारा टीम के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं और उनकी क्रिकेट के प्रति भूख और मानसिक मजबूती से बतौर क्रिकेटर उन्हें खुद को स्थापित करने में मदद मिल रही है। पुजारा (133) और अजिंक्य रहाणे (132) ने 217 रन की भागीदारी निभायी जिससे भारत ने पहली पारी नौ विकेट पर 622 रन पर घोषित की।

इसके बाद मेहमानों ने श्रीलंका को 183 रन पर समेटने के बाद फालो आन दे दिया। कोहली ने कहा, ‘‘पुजारा और अजिंक्य दो हमारो सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज हैं, विशेषकर मध्यक्रम में। वे लगातार हमारे लिये अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पुजारा को मैं ज्यादा श्रेय दूंगा क्योंकि वह भारत के लिए केवल एक प्रारूप खेलता है।

इसके लिए भूख और जुनून होना, अपने खेल में मेहनत करना और फिर इस तरह का शानदार प्रदर्शन करना काफी मानसिक मजबूती दिखाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह ऐसा खिलाड़ी है जो मानसिक रूप से काफी मजबूत है। वह जानता है कि कैसे रन बनाए जाएं, जो सबसे अहम चीज है। वह तब से क्रिकेटर के तौर पर काफी परिपक्व हुआ है। ’’ 

Advertising