टर्नर के कमाल से कलिंगा की दूसरी जीत

Tuesday, Jan 24, 2017 - 08:31 AM (IST)

भुवनेश्वर: आस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ग्लेन टर्नर के कमाल के प्रदर्शन से गत उपविजेता कलिंगा लांसर्स ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए रांची रेज को सोमवार को 4-2 से पराजित कर हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।   

कलिंगा ने कल संघर्षपूर्ण मुकाबले में दिल्ली वेवराइडर्स को 1-0 से पराजित किया था और अब उसने रांची रेज को 4-2 से हरा दिया। रांची रेज की दो मैचों में यह पहली हार है। उसने दबंग मुंबई के खिलाफ टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 3-3 से ड्रा खेला था।   

कलिंगा और रांची के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा और पहले दो क्वार्टर तक कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई। कलिंगा ने इस गतिरोध को तीसरे क्वार्टर में 43 वें मिनट में तोड़ा। पेनल्टी स्ट्रोक पर टर्नर ने रांची के गोलकीपर के पैरों के बीच से गेंद निकाल दी। यह दूसरा पेनल्टी स्ट्रोक था जिसपर कलिंगा को दो गोल मिल गए।  चौथे क्वार्टर में 49 वें मिनट में कलिंगा के जबर्दस्त हमले का फायदा उठाते हुए टर्नर ने मैदानी गोल दागकर अपनी टीम को फिर दो गोल दिला दिये। टूर्नामेंट में मैदानी गोल पर दो गोल दिए जाने का प्रावधान है। टर्नर के पहले शॉट को रांची के गोलकीपर ने रोका लेेकिन रिबाउंड हुई गेंद पर टर्नर ने झपटते हुए गोल दाग दिया। 

रांची ने जवाबी प्रयास करते हुए 53 वें मिनट में मैदानी गोल दागकर अंतर कम किया। सरवनजीत सिंह ने शानदार प्रयास से यह गोल किया। रांची ने बचे हुए सात मिनट में बराबरी पर आने की भरपूर कोशिश लेकिन उसे कामयाबी हाथ नहीं लगी। कलिंगा के ललित उपाध्याय के पास अंतिम मिनटों में एक शानदार मौका था जब उनके सामने सिर्फ गोलकीपर था लेकिन वह गेंद को बाहर मार बैठे। कलिंगा ने अपनी बढ़त को कायम रखते हुए जीत अपने नाम कर ली। कलिंगा के अब दो मैचों से 10 अंक हो गए है जबकि रांची के इतने ही मैचों से तीन अंक हैं।  

Advertising