लिन डैन ने कहा- भारत ने प्रगति की लेकिन चीन वापसी करेगा

punjabkesari.in Saturday, Nov 04, 2017 - 06:02 PM (IST)

मुंबईः दो बार के ओलंपियन चैंपियन लिन डैन का मानना है कि भारतीय बैडमिंटन ने शानदार प्रगति की है लेकिन आगामी वर्षों में चीन वापसी करते हुए इस खेल में दबदबा बनाएगा। लिन डैन ने कहा, ‘‘भारत में आपके पास साइना और श्रीकांत जैसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने काफी अच्छी प्रगति की है। युवा खिलाड़ी भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’  सुपर डैन के नाम से मशहूर लिन डैन का मानना है कि चीन जल्द ही वापसी करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।  

पुरुष एकल में अब अधिक विविधता
लिन डैन से जब यह पूछा गया कि क्या खेल में चीन का दबदबा कम हो रह है तो उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल चीन में युवा लोग खेल से अधिक जुड़ रहे हैं। स्कूलों में समूह बने हैं। आज नहीं तो कल (हम वहां वापसी करेंगे जहां पहले थे)।’’  पुरुष एकल में अब अधिक विविधता है, इस बारे में पूछने पर लिन डैन ने कहा, ‘‘पहले अधिक विविधता थी लेकिन अब इसमें और इजाफा हो रहा है।’’  डेनमार्क के महान खिलाड़ी पीटर गेड ने बैडमिंटन शक्ति के रूप में भारत के उभरने का श्रेय देश में खेल को मिले बढ़ावे को दिया। गेड ने कहा, ‘‘सबसे पहले तो हमने पिछले कई वर्षों में अच्छे प्रदर्शन के कारण भारत में बैडमिंटन की लोकप्रियता में काफी इजाफा देखा है। साइना नेहवाल, (पीवी) सिंधू, और (किदांबी) श्रीकांत।’’  

उन्होंने कहा, ‘‘खेल के लिए बेहद जरूरी है कि उसमें सेलीब्रिटी हों, ऐसे लोग जो शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हों और साथ ही अन्य लोगों को उनके बारे में जानकारी होनी चाहिए।’’  गेड ने कहा, ‘‘आप भारत में अभी यही देख रहे हैं। भारत में लोग यहां बैठे (महान खिलाडिय़ों) खिलाडिय़ों के बारे में भी काफी कुछ जानते हैं। यह काफी अच्छा संयोजन है।’’ गेड का मानना है कि सिंधू या श्रीकांत अपने अपने वर्ग में आल इंग्लैंड खिताब जीत सकते हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि एशिया अब भी बैडमिंटन की दुनिया का केंद्र है। श्रीकांत ने हाल में कहा था कि चीन के दबदबे के दिन खत्म हो गए हैं लेकिन गेड ने कहा कि आने वाला समय अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन के लिए रोमांचक होगा।  


 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News